मार्क जकरबर्ग की पत्नी प्रिसिला नयी पीढ़ी पर 61 अरब डॉलर खर्च करेंगी

कैलिफॉर्निया : फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग की पत्नी प्रिसिला चान (33) नई पीढ़ी की भलाई में 61 अरब डॉलर खर्च करेंगी। फेसबुक के मौजूदा शेयर प्राइस के हिसाब से दोनों की संपत्ति इस रकम से ज्यादा है। जकरबर्ग और चान तीन साल पहले बेटी के जन्म पर अपनी 99% संपत्ति दान करने का ऐलान कर चुके हैं। पिछले साल उन्होंने चान जकरबर्ग फाउंडेशन को 1.9 अरब डॉलर दिए थे।
चान जकरबर्ग फाउंडेशन की संस्थापक हैं प्रिसिला
चान जकरबर्ग फाउंडेशन साल 2015 से बच्चों में समानता को बढ़ावा देने और उनके शिक्षा-स्वास्थ्य पर काम कर रहा है। इसे जकरबर्ग की पत्नी प्रिसिला चान सम्भालती हैं।
नयी पीढ़ी को बीमारियों से बचाना और उनका इलाज करना प्रिसिला चान के एनजीओ का अहम मकसद है। वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं की मदद, टेक्नोलॉजी से जुड़ा सपोर्ट और निवेश के जरिए चान का एनजीओ यह काम करता है। प्रिसिला खुद भी बच्चों की डॉक्टर हैं।
साल 2017 में अमेरिकियों ने सामाजिक कार्यों के लिए रिकॉर्ड 410 अरब डॉलर की राशि दान की। यह 2016 के मुकाबले 5% ज्यादा है। दान की रकम में 70% हिस्सा व्यक्तिगत डोनेशन का था। अमेरिका के फाउंडेशन की दान राशि में भी पिछले साल 16% इजाफा हुआ। मार्क जकरबर्ग और प्रिसिला चान ने चान जकरबर्ग फाउंडेशन को 1.9 अरब डॉलर चैरिटी में दिए।
एक बच्ची ने प्रिसिला की जिंदगी बदल दी
प्रिसिला चान वियतनाम के शरणार्थी परिवार से थीं। परिवार और शिक्षकों की मदद से हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की स्कॉलरशिप के लिए उनका चयन हुआ था। पिछले महीने सीएनएन को दिए इंटरव्यू में चान ने बताया कि हार्वर्ड में मौका मिलने की खुशी बहुत थी लेकिन, उन्हें वहां काफी मुश्किलें आईं। उन्हें लगा कि वो यहां कामयाब नहीं हो पाएंगी। प्रिसिला ने हार्वर्ड से ट्रांसफर का आवेदन तैयार कर लिया था लेकिन, एक घटना ने उनकी जिंदगी बदल दी। चान उस दौरान निम्न आय वाले परिवारों की भलाई के सामाजिक कार्यों से जुड़ी हुई थीं। चान को एक बच्ची पूरे हफ्ते नजर नहीं आई तो उन्हें चिंता होने लगी। एक दिन खेल के मैदान में उन्हें बच्ची मिली। उसके दो दांत टूटे हुए थे। यह देखकर चान को बहुत दुख हुआ। तभी उनके दिमाग में डॉक्टर बनने का विचार आया।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।