भारतीय भाषा परिषद का कर्तृत्व समग्र सम्मान-2024

कोलकाता । भारतीय भाषा परिषद का हर साल चार भारतीय भाषाओं को दिए जाने वाले कर्तृत्व समग्र सम्मान और युवा पुरस्कारों की आज घोषणा हुई। कर्तृत्व समग्र सम्मान 1 लाख  की राशि और युवा पुरस्कार 51 हजार रुपये का है। परिषद की अध्यक्ष डॉ. कुसुम खेमानी और निदेशक शंभुनाथ ने आज प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए सर्वसम्मति से तय किए गए पुरस्कारों की घोषणा की।
कर्तृत्व समग्र सम्मान प्रदान किया जाएगा- जसवीर भुल्लर (पंजाबी), एम. मुकुंदन (मलयालम), राधावल्लभ त्रिपाठी (संस्कृत) और भगवानदास मोरवाल (हिंदी) को। युवा पुरस्कार से सम्मानित किए जाएंगे- आरिफ रजा (कन्नड़), संदीप शिवाजीराव जगदाले (मराठी), गुंजन श्री (मैथिली) और जसिंता केरकेट्टा (हिंदी) को। यदि विशेष स्थिति पैदा नहीं हुई तो ये पुरस्कार 20 अप्रैल को प्रदान किए जाएंगे।
भारतीय भाषा परिषद भारतीय भाषाओं और साहित्य के विकास और प्रोत्साहन के लिए कार्य कर रही देश की प्रतिनिधि सांस्कृतिक संस्था है। इसकी स्थापना 1975 में हुई थी। कर्तृत्व समग्र सम्मान की शुरुआत 1980 में की गई थी। बाद में युवा पुरस्कार भी जुड़े। भारत की सभी राष्ट्रीय भाषाओं के अब तक सौ से अधिक वरिष्ठ और युवा साहित्यकार पुरस्कृत किए जा चुके हैं। परिषद भारतीय भाषाओं के बीच सेतुबंधन के लिए अपने सभागार में राष्ट्रीय स्तर के सेमिनारों के आयोजन के अलावा ‘वागर्थ’ मासिक का भी प्रकाशन करती है। इसने महानगर कोलकाता के सांस्कृतिक गौरव और हिंदी की राष्ट्रीय भूमिका के तौर पर अपनी सारस्वत परंपराओं को अक्षुण्ण रखा है।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।