कोलकाता । भवानीपुर एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ने संस्कृत दिवस मनाया जिसमें संस्कृत के महत्वपूर्ण श्लोकोच्चारण, मंत्र और विष्णु ध्यान किए गए। यह कार्यक्रम संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन और इसके ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किया गया। यह प्रतिवर्ष श्रावण मास की पूर्णिमा (रक्षा बंधन) के दिन मनाया जाता हैऔर प्राचीन ज्ञान परंपरा के सम्मान में मनाया गया।संस्कृत को विश्व की सबसे पुरानी और वैज्ञानिक भाषाओं में से एक माना जाता है। हमारे अधिकांश प्राचीन ग्रंथ, वेद, उपनिषद और दर्शन इसी भाषा में रचे गए हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ वसुंधरा मिश्र ने वंदे मातरम् के गायन से किया और श्लोकों को सुनाया जिसे विद्यार्थियों ने भी दोहराया। विद्यार्थियों ने गायत्री मंत्र और वेदों से श्लोक की आवृत्ति की। रेक्टर और डीन प्रोफेसर दिलीप शाह ने कहा कि कालेज के लिए यह ऐतिहासिक दिन है जहां पहली बार संस्कृत दिवस मनाया जा रहा है और महत्वपूर्ण श्लोक सुनाए।प्रातः कालीन कॉमर्स विभाग की वाइस प्रिंसिपल प्रोफेसर मीनाक्षी चतुर्वेदी ने संस्कृत भाषा में अपना परिचय देते हुए संस्कृत के वैज्ञानिक और वैश्विक पक्ष को रखा और श्लोक सुनाए।प्रो नितिन चतुर्वेदी ने कई श्लोक सुनाए जिसमें अपनी गलतियों के लिए ईश्वर से क्षमा प्रार्थना की जाती है। डॉ वसुंधरा मिश्र ने जानकारी देते हुए कहा कि कार्यक्रम का आयोजन और संयोजन प्रो गार्गी ने किया। इस अवसर पर पचास से अधिक छात्र छात्राओं और शिक्षक शिक्षिकाओं की उपस्थिति रही।




