कोलकाता, नि.सं. । मध्य कोलकाता के तारा चंद दत्ता स्ट्रीट में यंग बॉयज क्लब अपने 57वें वर्ष में कदम रख रहा है । इस बार राम राज्य थीम के साथ शांति, न्याय, सम्मान, सद्भाव और एक आदर्श समाज की सोच पर आकर्षक मंडप का निर्माण किया जा रहा हैं। आयोजक एक ऐसी आदर्श सामाजिक व्यवस्था दिखाना चाहते हैं, जहाँ अन्याय पर न्याय, अपमान पर सम्मान और दमन पर धर्म की जीत हो, और प्रकृति के साथ सद्भाव का सामंजस्य दिखता हो। इस वर्ष के पूजा मंडप की खासियत पर्यावरण के अनुकूल इसकी सजावट है। मशहूर कलाकार देबशंकर महेश द्वारा डिजाइन किए गए इस शानदार पूजा मंडप को पूर्व मिदनापुर के कारीगर प्राकृतिक वस्तुओं, जिनमें सूखी पत्तियां, फल, फूल, बीज और रेशे से तैयार किया जा रहा हैं।
इन सामग्रियों का अनोखा इस्तेमाल पंडाल को एक प्राकृतिक रूप देता है और साथ ही प्रकृति के साथ सद्भाव बनाए रखने की थीम पर भी जोर देता है। रोजमर्रा की इन प्राकृतिक सामग्रियों को एक शानदार कलात्मक रचना में बदलने के लिए बारीक कारीगरी और विस्तृत सजावटी तत्वों का इस्तेमाल किया जा रहा है। देवी दुर्गा की मूर्ति मिदनापुर के मशहूर मूर्तिकार कुशाध्वज बेरा ने बनाई है।
पूजा के इस आयोजन को लेकर यंग बॉयज क्लब के मुख्य आयोजक राकेश सिंह ने कहा कि राम राज्य के जरिए, हम दर्शकों के बीच एक ऐसे आदर्श समाज की अपनी सोच पेश कर रहे हैं, जहाँ लोग शांति, सम्मान और आपसी आदर के साथ रहते हैं। हम चाहते हैं कि आने वाले लोग पंडाल की सुंदरता का अनुभव करें और साथ ही इस थीम के पीछे छिपे मूल्यों से भी जुड़ें।
वहीं इस मौके पर, यंग बॉयज क्लब के यूथ प्रेसिडेंट विक्रांत सिंह ने कहा, इस साल की थीम उन मूल्यों पर आधारित है, जो लोगों को एक साथ ला सकते हैं । यंग बॉयज क्लब के को-ऑर्गनाइजर विनोद सिंह ने कहा कि इस साल, इस कॉन्सेप्ट को बेहतर बनाने के लिए प्राकृतिक वस्तुओं, पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक लाइटिंग का इस्तेमाल किया गया है। यह पंडाल मुख्य पूजा समारोह से पहले महापंचमी के दिन लोगों के लिए खुलेगा। आयोजकों ने पूजा के दिनों में बड़े पैमाने पर प्रसाद बांटने की भी योजना भी बनाई है, ताकि यह उत्सव सभी के लिए खुला और सुलभ रहे।




