-19 मार्च से शुरुआत का प्रस्ताव
-13 अप्रैल को परीक्षा समाप्त होने की संभावना
कोलकाता । पश्चिम बंगाल में 2027 की माध्यमिक परीक्षा के बाद अब उच्च माध्यमिक परीक्षा की संभावित तारीखों को लेकर भी तैयारी शुरू हो गई है। उच्च माध्यमिक शिक्षा संसद ने वर्ष 2027 की परीक्षा का संभावित कार्यक्रम तैयार कर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा है। संसद सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक उच्च माध्यमिक परीक्षा 19 मार्च 2027 से शुरू हो सकती है। वहीं, परीक्षा समाप्त होने की संभावित तारीख 13 अप्रैल रखी गई है।
इस प्रस्ताव के लागू होने पर अगले साल उच्च माध्यमिक की परीक्षा मार्च के तीसरे सप्ताह में शुरू होकर अप्रैल के दूसरे सप्ताह तक चलेगी। हालांकि, अभी इस कार्यक्रम को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। परीक्षा की अंतिम समय-सारिणी काफी हद तक माध्यमिक परीक्षा की तारीखों पर निर्भर करेगी।
दरअसल, पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से 2027 की माध्यमिक परीक्षा 2 मार्च से शुरू करने का प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। यदि माध्यमिक परीक्षा के प्रस्तावित कार्यक्रम में कोई बदलाव होता है, तो उच्च माध्यमिक परीक्षा की तारीखों में भी फेरबदल संभव है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, माध्यमिक परीक्षा समाप्त होने के बाद निर्धारित अंतराल रखते हुए उच्च माध्यमिक परीक्षा शुरू कराने की योजना है। फिलहाल 19 मार्च से 13 अप्रैल तक की तारीखों को संभावित माना जा रहा है।
ऐसे में अगले साल माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों की नजर अब शिक्षा विभाग और दोनों परीक्षा संचालन संस्थाओं के अंतिम फैसले पर टिकी है। आधिकारिक घोषणा के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा की निश्चित तारीखों और विस्तृत समय-सारिणी की जानकारी मिल सकेगी।

