– आईआईटी खड़गपुर के शोध में खुलासा
कोलकाता। गंगा नदी के पुनरुद्धार और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक संकेत मिला है। आईआईटी खड़गपुर के वैज्ञानिकों के एक शोध में सामने आया है कि गंगा-हुगली नदी के मुहाने की तलछट में धातु प्रदूषण का स्तर उल्लेखनीय रूप से कम हुआ है। दीर्घकालिक तुलनात्मक अध्ययन के अनुसार, यहां प्रदूषण भार सूचकांक (पॉल्यूशन लोड इंडेक्स-पीएलआई) में 37.76 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। शोधकर्ताओं ने इस बदलाव के पीछे गंगा एक्शन प्लान और वर्ष 2014 में शुरू की गई केंद्र सरकार की ‘नमामि गंगे’ परियोजना के तहत किए गए प्रयासों को एक संभावित महत्वपूर्ण कारण बताया है।
यह शोधपत्र अमेरिकन जियोफिजिकल यूनियन (एजीयू) की अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ‘जियोहेल्थ’ में प्रकाशित हुआ है। आईआईटी खड़गपुर के सेंटर फॉर ओशन, रिवर, एटमॉस्फियर एंड लैंड साइंसेज (कोरल) के प्रोफेसर पार्थसारथी चक्रवर्ती के नेतृत्व में यह अध्ययन किया गया। शोध दल में सोहम चट्टोपाध्याय, अनिंद्य दास, गुंजन राय, स्मृतिरেখा महंत और सुचरिता चक्रवर्ती शामिल थे।
तीन देशों की 10 नदी प्रणालियों का अध्ययन
शोधकर्ताओं ने भारत, चीन और अमेरिका की 10 प्रमुख नदी-मुहाना प्रणालियों में धातु प्रदूषण की स्थिति का तुलनात्मक अध्ययन किया। इनमें भारत की चार, चीन की तीन और अमेरिका की तीन नदी प्रणालियां शामिल थीं। अध्ययन के लिए लगभग 1,323 शोधपत्रों की समीक्षा की गई, जिनमें से चयनित 150 वैज्ञानिक दस्तावेजों के आंकड़ों के आधार पर निष्कर्ष निकाले गए।
अध्ययन के अनुसार, वर्ष 2000 के शुरुआती दौर में हुगली नदी के मुहाने की तलछट में धातु प्रदूषण का स्तर काफी चिंताजनक था। औद्योगिक कचरा, शहरीकरण, नगर निकायों का गंदा पानी, कृषि रसायनों और बंदरगाह गतिविधियों के कारण इस क्षेत्र पर प्रदूषण का दबाव बना हुआ था। इसके बावजूद बाद के वर्षों में प्रदूषण के स्तर में लगातार सुधार का रुझान देखने को मिला।
नमामि गंगे के प्रयासों का दिखा असर
शोधकर्ताओं के मुताबिक, गंगा एक्शन प्लान और नमामि गंगे परियोजना के तहत गंदे पानी के शोधन, अपशिष्ट प्रबंधन और नदी पारिस्थितिकी तंत्र के पुनरुद्धार के लिए उठाए गए कदम इस बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि, अध्ययन प्रदूषण में कमी का रुझान सामने रखता है, लेकिन इसे किसी एक परियोजना का प्रत्यक्ष परिणाम मानने के बजाय विभिन्न पर्यावरणीय उपायों के संभावित संयुक्त प्रभाव के रूप में देखा जाना चाहिए।
तुलनात्मक आंकड़ों में भारत की महानदी के मुहाने पर धातु प्रदूषण सूचकांक में 70.46 प्रतिशत और अमेरिका की हडसन नदी के मुहाने पर 80.68 प्रतिशत की दीर्घकालिक गिरावट दर्ज की गई है।

