धनिया पंजीरी
सामग्री : 2 कप धनिया पाउडर, ¼ कप घी,10-12 कटे हुए काजू,10-12 कटे हुए बादाम,1 कप मखाना, ½ कप पीसी शक्कर,1/2 टीस्पून इलायची पाउडर
विधि : धनिया पंजीरी बनाने के लिए सबसे पहले साबूत धनिया लेकर इसे मीडियम आंच पर सूखा ही भून लें। पंजीरी में डालने के लिए काजू, बादाम और मखाने को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। एक पैन में 1 चम्मच देसी घी डालकर काजू-बादाम और मखाने को भून लें। भुने हुए धनिया को हल्का ठंडा होने पर मिक्सी में दरादरा पीस लें। अब बाउल में पिसा हुआ धनिया, मेवा और पीसी शक्कर मिलाएं। आप इसमें इलायची पाउडर और बाकी का सारा घी डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। टेस्टी और आसान धनिया पंजीरी बनकर तैयार है। इसके लिए आपको आटा भूनने की भी जरूरत नहीं होगी। इस पंजीरी को भगवान कृष्ण के भोग में चढ़ाएं और बाद में प्रसाद के रूप में खुद भी खाएं।
मखाना पाग

सामग्री : 3 कप (लगभग 100 ग्राम) फूल मखाना,1.5 कप चीनी, 3/4 कप पानी,1/2 कप कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल, 1/4 कप (बारीक कटे हुए) काजू और बादाम,2 बड़े चम्मच खरबूजे के बीज (मगज), 1/2 छोटी चम्मच हरी इलायची पाउडर, 3 से 4 बड़े चम्मच देसी घी ।
विधि : एक भारी तले की कढ़ाई में 2 चम्मच देसी घी गरम करें। सबसे पहले इसमें कटे हुए काजू, बादाम और खरबूजे के बीज डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें और एक प्लेट में निकालें। अब उसी कढ़ाई में बचा हुआ घी डालें और धीमी आंच पर मखानों को लगातार चलाते हुए 5-6 मिनट तक भूनें। जब मखाने उंगली से दबाने पर आसानी से टूटने लगें, तो गैस बंद कर दें। मखानों के ठंडा होने पर उन्हें मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें। इसी के साथ कद्दूकस नारियल को भी हल्का सा सूखा भून लें। कढ़ाई में चीनी और पानी डालकर मध्यम आंच पर चढ़ाएं। चीनी के पूरी तरह से पिघलने के बाद इसे 4-5 मिनट तक उबलने दें। हमें एक तार की चाशनी बनानी है। चाशनी को जांचने के लिए एक बूंद उंगली और अंगूठे के बीच चिपकाकर देखें, अगर एक तार बनता दिखे तो चाशनी तैयार है। अब इसमें इलायची पाउडर मिला दें। आंच को एकदम धीमा करें। चाशनी में दरदरा पिसा मखाना, भुना नारियल और तले हुए ड्राई फ्रूट्स डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं और तब तक लगातार चलाते रहें जब तक कि मिश्रण कढ़ाई का तला न छोड़ने लगे और गाढ़ा न हो जाए। अब एक थाली या ट्रे में थोड़ा सा घी लगाकर उसे चिकना कर लें। तैयार मिश्रण को थाली में पलटें और चम्मच की मदद से फैलाएं। जब पाग थोड़ा गुनगुना रहे, तभी चाकू की मदद से अपनी पसंद के चौकोर या बर्फी के आकार में काट लें। पूरी तरह ठंडा होने के बाद पाग की टुकड़ियों को अलग कर लें। आपका कृष्ण प्रिय मखाना पाग तैयार है। भगवान श्री कृष्ण को तुलसी दल रखकर यह पाग अर्पित करें।




