-तीन साल तक की सजा 50 हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान
– 2009 के कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश
– डीएम, एसपी और पुलिस आयुक्तों को भेजी गई सात सूत्री गाइडलाइन
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाया है। अस्पतालों में ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट, धमकी, डराने-धमकाने, काम में बाधा डालने और अस्पताल की संपत्तियों में तोड़फोड़ की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस को विशेष कानून का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया गया है। राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव शरद कुमार द्विवेदी ने इस संबंध में राज्य के सभी जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को जरूरी निर्देश भेजे हैं। इसमें वर्ष 2009 के पश्चिम बंगाल मेडिकेयर सर्विस पर्सन्स एंड मेडिकेयर सर्विस इंस्टीट्यूशंस (प्रिवेंशन ऑफ वायलेंस एंड डैमेज टू प्रॉपर्टी) एक्ट को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा गया है। वर्ष 2009 के इस कानून में स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा और अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त दंड का प्रावधान है।
* धारा 3: डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा तथा अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना प्रतिबंधित है। * धारा 4: कानून का उल्लंघन करने पर अधिकतम तीन साल तक की कैद और 50 हजार रुपये तक जुर्माना हो सकता है। * धारा 5: इस कानून के तहत अपराध संज्ञेय और गैर-जमानती है। * धारा 6: सजा के अतिरिक्त अस्पताल की संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई भी अदालत के आदेश पर दोषी से कराई जा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशासन और पुलिस को सात बिंदुओं पर विशेष रूप से कार्रवाई करने को कहा है। अस्पतालों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट, धमकी या तोड़फोड़ की शिकायत मिलने पर वर्ष 2009 के विशेष कानून के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई करनी होगी। स्वास्थ्यकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार, धमकी या अस्पताल के उपकरण, फर्नीचर और भवन को नुकसान पहुंचाने की शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू करनी होगी। विशेष रूप से आपातकालीन विभाग, कैजुअल्टी यूनिट, आईसीयू और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखनी होगी।
प्रत्येक घटना में सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखना, संबंधित दस्तावेज और चिकित्सकीय साक्ष्य जुटाना तथा आरोपियों की पहचान कर निर्धारित समय के भीतर जांच पूरी करनी होगी, ताकि अदालत में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचने पर संबंधित प्रबंधन को क्षति का पूरा ब्योरा और उसका मूल्यांकन तैयार कर जांच अधिकारियों को देना होगा। इसके आधार पर कानून की धारा 6 के तहत अदालत के माध्यम से दोषियों से मुआवजे की वसूली की जा सकेगी। जिला स्तर पर समन्वय: जिलाधिकारी की अगुवाई में जिला पुलिस प्रशासन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओएच), मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य और चिकित्सा अधीक्षक सह उपाध्यक्ष (एमएसवीपी) के बीच नियमित समन्वय बनाए रखना होगा, ताकि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई हो सके।

