भुवनेश्वर। देश की आजादी के लिए अंग्रेजों से लोहा लेने वाले स्वतंत्रता सेनानी साहू सिंह की पत्नी आज खुद सरकारी व्यवस्था से न्याय की लड़ाई लड़ रही हैं। पति के निधन के बाद मिलने वाली पेंशन 12 साल पहले बंद हो गई। तब से 92 वर्षीय पार्वती देवी अपने हक के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं। बालेश्वर से भुवनेश्वर तक अधिकारियों, विधायकों और सांसदों से गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। हालात ऐसे हैं कि स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी अपने परिवार के साथ नीलगिरि-उदला राज्य राजमार्ग के किनारे पॉलीथिन की छत के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर हैं।
नीलगिरि ब्लॉक के सजनागड़ पंचायत के वार्ड नंबर चार स्थित भालुकाशुणि गांव के साहू सिंह (1906 में जन्म) नीलगिरि गढ़जात प्रजा आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। महात्मा गांधी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया था। उनकी पत्नी पार्वती बताती हैं कि अंग्रेजों से बचने के लिए साहू सिंह को तीन साल तक घर छोड़कर छिपकर रहना पड़ा था। आजादी के बाद सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों को पेंशन देने की व्यवस्था की, लेकिन दस्तावेजों में त्रुटि के कारण साहू सिंह को वर्षों तक इसका लाभ नहीं मिला। लंबे संघर्ष के बाद 2002 में पहली बार उन्हें 700 रुपये मासिक पेंशन स्वीकृत हुई।
वर्ष 2014 में निधन के समय उन्हें तीन हजार रुपये प्रतिमाह मिल रहे थे। दो मई 2014 को उन्होंने अंतिम बार बैंक से पेंशन की राशि निकाली थी। इसके तीन दिन बाद उनका निधन हो गया।
पति के निधन के बाद बंद हुई पेंशन
सरकारी प्रावधान के अनुसार स्वतंत्रता सेनानी के निधन के बाद उनकी पत्नी को पारिवारिक पेंशन मिलनी चाहिए। इसके बावजूद पार्वती को पिछले 12 वर्षों से पेंशन नहीं मिल रही है। उम्र के इस पड़ाव में नाती का सहारा लेकर वह अपने अधिकार के लिए लगातार संघर्ष कर रही हैं। कई बार अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी, जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई, लेकिन नतीजा सिफर रहा।
पार्वती की अपनी कोई संतान नहीं है। वह अपने भतीजे के बेटे नीलमाधव और नातिन बहू ज्योति के साथ भालुकाशुणि चौक के पास सड़क किनारे पॉलीथिन डालकर रह रही हैं। नीलमाधव चाय की दुकान चलाते हैं, जबकि 92 साल की उम्र में पार्वती सड़क किनारे बैठकर धानुआलंक बेचकर परिवार की मदद करती हैं। परिवार के पास न तो पक्का मकान है और न ही आय का कोई स्थायी साधन। हैरानी की बात यह है कि उन्हें अब तक आवास योजना का लाभ भी नहीं मिला है।
जिस महिला के पति ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन संघर्ष में गुजारा, उनकी पत्नी आज दो वक्त की रोटी और सिर छिपाने के लिए छत को मोहताज हैं। स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर स्वतंत्रता सेनानी की पत्नी को उनका अधिकार देने में इतनी देरी क्यों हो रही है? क्या 92 वर्ष की पार्वती को जीते-जी न्याय मिल पाएगा या पेंशन के इंतजार में ही उनकी जिंदगी गुजर जाएगी?

