कन्नड़ अभिनेता एवं नेता अंबरीश का निधन

बेंगलुरू : कन्नड़ अभिनेता एवं नेता अंबरीश का दिल का दौरा पड़ने से यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबरीश को सांस लेने में शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था जहां उनका निधन हो गया। अस्पताल के प्रवक्ता के मुताबिक अंबरीश अपने घर में अचेत अवस्था में मिले थे और उन्हें होश में लाने की कोशिश की गई। अस्पताल ले जाने के दौरान भी ये कोशिशें जारी रहीं। प्रवक्ता ने बताया कि सभी कोशिशों के बावजूद उनकी हालत जस की तस बनी रही और 10 बजकर 15 मिनट पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अंबरीश तीन बार लोक सभा सदस्य तथा राज्य के पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं। उनके परिवार में पत्नी सुमालता (अभिनेत्री) और बेटा अभिषेक है। नका जन्म 29 मई, 1952 को हुआ था। वह ‘विद्रोही स्टार’ के रूप में विख्यात हैं। उन्होंने चार दशक के लंबे करियर में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। अभिनेता की सेहत कुछ वर्षों से खराब चल रही थी और उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अंबरीश के निधन की खबर फैलते ही मुख्यमंत्री एच डी कुमार स्वामी सहित अनेक नेता तथा अभिनेता अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अंबरीश के सम्मान में तीन दिन का शोक रखने का निर्णय किया है और उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अभिनेता को ‘अजातशत्रु’ बताया और उनके प्रशंसकों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।