हिंदू धर्म में देव दीपावली के पर्व का अधिक महत्व है। यह पर्व कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। वैदिक पंचांग के अनुसार, इस साल यह महापर्व आज यानी 24 नवंबर को मनाया जा रहा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन दिन पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के अत्याचारी राक्षस का संहार किया था। इस जीत और त्रिपुरारी के विजयोत्सव की खुशी में सभी देवताओं ने स्वर्ग से काशी उतरकर गंगा के घाटों पर लाखों दीप जलाकर दीवाली मनाई थी, जिसे आज हम देव दीपावली के रूप में मनाते हैं। इसलिए इस दिन देव दीपावली का पर्व धूमधाम के साथ मनाया जाता है। यह पर्व देश के अलग-अलग राज्यों में कई पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है, तो आइए इस आर्टिकल में आपको बताते हैं कि देश के विभिन्न हिस्सों में देव दीपावली को किन नामों से जाना जाता है और इसे मनाने की खास परंपराएं क्या हैं। उत्तर प्रदेश – देव दीपावली
उत्तर प्रदेश में कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। इस पर्व के दिन काशी के घाटों पर खास रौनक देखने को मिलती है। मिट्टी के दीये जलाए जाते हैं और भव्य महाआरती का आयोजन होता है। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
महाराष्ट्र और गोवा – त्रिपुरारी पूर्णिमा
इन दोनों राज्यों में देव दीपावली के पर्व को त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से जाना जाता है। इस पर्व की कथा भगवान शिव द्वारा राक्षस त्रिपुरासुर के संहार से जुड़ी है। इस पर्व के अवसर पर यहां शाम के समय मंदिरों के बाहर बने ऊंचे पत्थर के दीपस्तंभों पर मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं।
बिहार और झारखंड – कार्तिक पूर्णिमा, गंगा स्नान
बिहार और झारखंड में देव दीपावली को कार्तिक पूर्णिमा और गंगा स्नान के नाम से जाना जाता है। इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने के बाद दीपदान करने का विशेष महत्व है। साथ ही लोग भगवान सत्यनारायण की कथा का पाठ करते हैं।
पंजाब और उत्तर भारत – गुरु नानक जयंती (गुरुपुरब)
पंजाब और उत्तर भारत में देव दीपावली के पर्व को गुरु नानक जयंती के रूप में मनाया जाता है। इस पर्व को सिख समुदाय के लोग श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के रूप में मनाते हैं। इस अवसर पर गुरुद्वारों में अरदास और कीर्तन का आयोजन किया जाता है और लंगर की सेवा की जाती है।

