कहानी आरामदायक ‘डनलपिलो’ की

-अशोक कुमार और मीना कुमारी ने किया  मशहूर

 आज घरों में फोम के गद्दे आम बात हैं। लेकिन, दशकों पहले भारत में रूई के गद्दों के दौर में ‘डनलपिलो’  ऐसा लग्जरी आइटम था जिसे सिर्फ देश का बेहद संपन्‍न वर्ग ही खरीद सकता था। अशोक कुमार और मीना कुमारी जैसे सुपरस्टार्स के विज्ञापनों ने इसे मशहूर कर दिया। इस लेटेक्स फोम गद्दे का आविष्कार 1929 में एक ‘केक मिक्सर’ की मदद से हुआ था। भारत में भारी टैक्स के चलते खाड़ी देशों से लौटने वाले भारतीय इसे एयरपोर्ट पर अपने सामान में जरूर लेकर आते थे।एक जमाने में भारतीय घरों में पारंपरिक रूई के गद्दों को बार-बार नई रूई भरवाकर इस्तेमाल किया जाता था। तब लेटेक्स फोम से बना ‘डनलपिलो’ गद्दा संपन्‍नता और मॉडर्न लाइफस्‍टाइल का बड़ा प्रतीक बनकर उभरा था। इस ब्रांड को घर-घर में पहचान दिलाने में बॉलीवुड के दिग्गजों अशोक कुमार और मीना कुमारी के विंटेज विज्ञापनों ने अहम किरदार निभाया। पूरी तरह अंग्रेजी में शूट हुए एक चर्चित ऐड में अशोक कुमार दिनभर की थकान के बाद आराम के लिए अपने कीट-रोधी, ठंडे, स्वच्छ और धूल-मुक्त डनलपिलो गद्दे की खूबियां गिनाते नजर आए थे। उस दौर में भारत में इस गद्दे पर भारी घरेलू उत्पाद शुल्क लगता था। इसके चलते खाड़ी देशों से मुंबई के सांताक्रूज एयरपोर्ट उतरने वाले भारतीय यात्री स्टीरियो रेडियो और वॉशिंग मशीन के साथ डनलपिलो गद्दा जरूर लेकर आते थे। मकसद यह होता था कि बाद में इसे यहां अच्छे दामों पर बेचा जा सके।  इस गद्दे के आविष्कार के पीछे एक बेहद रोचक किस्सा है। कंपनी के डॉक्‍यूमेंट्स के मुताबिक, जनवरी 1929 में इंग्लैंड के बर्मिंघम में डनलप के रिसर्च साइंटिस्‍ट ई.ए. मर्फी लेटेक्स फोम बनाने के लिए लगातार प्रयोग कर रहे थे। लेकिन, उन्हें सही गाढ़ापन नहीं मिल पा रहा था। तब उनकी पत्‍नी की एक सलाह ने कहानी बदल दी। उन्‍होंने मर्फी को रसोई में इस्तेमाल होने वाले ‘केक मिक्सर’ का इस्‍तेमाल करने को कहा। मर्फी ने लिक्विड लेटेक्स में साबुन और जेलिंग एजेंट मिलाकर केक मिक्सर में 15 मिनट तक फेंटा। फिर उस मिक्‍सचर को एक ट्रे में डालकर 100 डिग्री सेल्सियस के भाप वाले ओवन में रख दिया। इससे दुनिया के पहले लेटेक्स फोम का जन्म हुआ। न्यूमैटिक टायरों के आविष्कार के लिए मशहूर मूल कंपनी डनलप लिमिटेड ने 1929 में ‘डनलपिलो’ नाम से एक नया डिवीजन शुरू किया। इसने ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री, सिनेमाघरों की सीटों के साथ घरों, होटलों, अस्पतालों और जहाजों के लिए गद्दे-तकिए बनाने शुरू किए। इस प्रोडक्‍ट की लोकप्रियता और डिमांड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दूसरे विश्व युद्ध के वक्‍त जब ब्रिटेन में लेटेक्स की सप्‍लाई रुक गई तो ये गद्दे सिर्फ उन्हीं को बेचे जाते थे जिनके पास डॉक्टर का मेडिकल सर्टिफिकेट होता था। सिर्फ यही नहीं, युद्ध के बाद जब ब्रिटिश संसद का पुनर्निर्माण हुआ तो वहां की सीटों की अपहोल्स्ट्री के लिए विशेष रूप से सिर्फ डनलपिलो लेटेक्स के इस्तेमाल का ही निर्देश दिया गया था। डनलपिलो धीरे-धीरे डनलप लिमिटेड का सबसे सफल डिवीजन बन गया। लेकिन, समय के साथ इसका स्वामित्व कई हाथों से गुजरा। 1985 में लंदन की मल्‍टी नेशनल कंपनी बीटीआर पीएलसी ने इसका अधिग्रहण कर लिया। फिर अक्टूबर 2002 में इसके ब्रिटेन के कारोबार को हिल्डिंग एंडर्स को बेच दिया गया। भारत की बात करें तो नवंबर 2005 में कोलकाता के रुइया ग्रुप ने डनलप इंडिया का अधिग्रहण कर यहां इस गद्दे के ब्रांड की ओनरशिप हासिल की। आज यह ब्रांड दुनिया के 30 से ज्‍यादा देशों में उपलब्ध है।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।

शुभजिताhttps://www.shubhjita.com/
शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।
Latest news
Related news